रुड़की में कांग्रेस का भाजपा पर हमला, विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन बोले- विकास नहीं, धर्म की राजनीति कर रही सरकार

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ होती जा रही है। कांग्रेस के महासचिव एवं मंगलौर से विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि विकास और रोजगार जैसे विषयों पर काम करने के बजाय धार्मिक मुद्दों को हवा दी जा रही है।

मीडिया से बातचीत के दौरान काज़ी निज़ामुद्दीन ने कहा कि केंद्र से लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड तक भाजपा की सरकारें हिंदू-मुस्लिम की राजनीति को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मजारों पर कार्रवाई और बुलडोजर की राजनीति के जरिए एक विशेष समुदाय को डराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि राज्य में लगभग 17 हजार सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं, जिससे गरीब और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर प्राथमिकता से काम करना चाहिए।

कांग्रेस विधायक ने विश्वास जताया कि देश की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में जनता भाजपा को जवाब देगी और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने का रास्ता साफ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *