रुड़की: पनियाला रोड स्थित शिवपुरम क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आया। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए शिवपुरम से आजादनगर चौक तक विरोध रैली निकाली।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नगर निगम प्रशासन और मेयर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कई वर्षों से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। बरसात के दौरान सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित होता है।
यूकेडी के जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान ने कहा कि स्थानीय लोग लगातार समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन देने तक सीमित हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
रैली के समापन पर आजादनगर चौक पर नगर निगम और मेयर का पुतला फूंका गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं साझा करते हुए कहा कि अब उन्हें केवल वादे नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर काम चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्र में बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
