नैनीताल कलक्ट्रेट में आयुक्त दीपक रावत का निरीक्षण, अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

नैनीताल: कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने नैनीताल कलक्ट्रेट का वार्षिक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों को तय समय सीमा में सभी प्रकरणों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अपर जिलाधिकारी न्यायालय में लंबित खाद्य सुरक्षा, स्टांप और गुंडा नियंत्रण अधिनियम से जुड़े मामलों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक सप्ताह समीक्षा कर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।

राजस्व अभिलेखागार में रिकॉर्ड संधारण और नकल जारी करने की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने कहा कि आवेदकों को अनावश्यक इंतजार नहीं कराया जाना चाहिए और प्रत्येक आवेदन का समय पर पंजीकरण होना आवश्यक है।

दीपक रावत ने निर्देश दिए कि दोनों अपर जिलाधिकारी हर महीने राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज की नियमित समीक्षा कर कार्यालयों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

शस्त्र और खनन अनुभाग के कार्यों पर संतोष जताते हुए आयुक्त ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के गन हाउस का मासिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *