कॉर्बेट में शुरू हुई हाथियों की मॉनिटरिंग, वैज्ञानिक तरीके से जुटाए जाएंगे आंकड़े

रामनगर: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में हाथियों की गणना को लेकर विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। यह अभियान 26 मई से 30 मई तक चलाया जाएगा, जिसमें रिजर्व की 72 बीटों में हाथियों की संख्या, उनकी गतिविधियों और मूवमेंट का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इस अभियान में 150 से अधिक वनकर्मी और विशेषज्ञों की टीमें तैनात की गई हैं।

पार्क प्रशासन के मुताबिक हाथियों की गणना वैज्ञानिक तकनीकों के आधार पर की जा रही है। इसके लिए Wildlife Institute of India (WII) का सहयोग लिया जा रहा है। हर रेंज में बनाई गई टीमों में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ WII के रिसर्चर भी शामिल हैं, जो हाथियों के झुंड, उनके निवास क्षेत्र और गतिविधियों का विस्तृत अध्ययन करेंगे।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ साकेत बडोला ने बताया कि पिछली गणना में पूरे कॉर्बेट लैंडस्केप में 1200 से अधिक हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि इस बार गणना को और अधिक सटीक बनाने के लिए वनकर्मियों को पहले से विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।

वन विभाग का मानना है कि हाथियों की बढ़ती संख्या वन्यजीव संरक्षण की सफलता का बड़ा संकेत है। इस अभियान से प्राप्त आंकड़े भविष्य में हाथियों के संरक्षण, उनके सुरक्षित आवास और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में मददगार साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *