बकरा ईद के पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। ईद उल अजहा से पहले प्रशासन ने मुस्लिम समाज से नियमों का पालन करने और साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है।
एसएसपी हरिद्वार ने कहा कि कुर्बानी केवल प्रशासन द्वारा तय स्थानों पर ही की जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेष और वेस्ट मैटेरियल को खुले में न फेंका जाए, बल्कि गड्ढा खोदकर दबाया जाए ताकि स्वच्छता बनी रहे और किसी भी व्यक्ति को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी साफ किया कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या विवादित सामग्री साझा करने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुस्लिम धर्मगुरु मुफ्ती सलीम ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के दौरान विशेष रूप से साफ-सफाई और धार्मिक मर्यादाओं का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि घरों में कुर्बानी करने वाले लोग खून और अन्य अवशेषों को सुरक्षित तरीके से जमीन में दबाएं और नालियों की नियमित सफाई का ध्यान रखें।
उन्होंने बताया कि बकरा ईद की नमाज सुबह 7:45 बजे ईदगाह में अदा की जाएगी। वहीं जो लोग किसी कारणवश ईदगाह में नमाज नहीं पढ़ पाएंगे, उनके लिए सुबह 8:15 बजे कब्रिस्तान स्थित मस्जिद में नमाज की व्यवस्था की गई है।
मुफ्ती सलीम ने खास तौर पर अपील करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज न पढ़ी जाए और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए, ताकि त्योहार सौहार्द और शांति के माहौल में मनाया जा सके।
