उत्तराखंड में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के मैदानी जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे दिन के समय भीषण गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई क्षेत्रों में लू चलने की चेतावनी दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक अगले दो से तीन दिन तक मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर के अलावा नैनीताल, चंपावत और पौड़ी के निचले इलाकों में हीट वेव का असर देखने को मिल सकता है।
हालांकि 28 मई से मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
