विश्व पर्यावरण दिवस पर उत्तराखंड के मदरसों में चलेगा “माँ के नाम एक पेड़” अभियान

उत्तराखंड में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक विशेष पहल की जा रही है। उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी के नेतृत्व में राज्य के सभी मदरसों में “माँ के नाम एक पेड़” अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और हरित क्षेत्र का विस्तार करना है। साथ ही, इस पहल के जरिए मातृसम्मान को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए एक भावनात्मक और सामाजिक संदेश देने की भी कोशिश की जा रही है।

बोर्ड के निर्देशानुसार, सभी मदरसों में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और स्थानीय लोग इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।

मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को हमारे धर्म और संस्कृति में विशेष महत्व दिया गया है। “माँ के नाम एक पेड़” अभियान के माध्यम से लोग न केवल पर्यावरण की रक्षा करेंगे, बल्कि अपनी माताओं के प्रति सम्मान भी व्यक्त करेंगे।

इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना भी की गई। उनके नेतृत्व में राज्य में ‘वन महोत्सव’, ‘हरेला’ जैसे कई अभियान चलाए जा रहे हैं, जो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हमेशा विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है। उनका “वन, जल, वायु” संरक्षण का विजन प्रदेश को हरित और स्वच्छ बनाने की दिशा में प्रेरित कर रहा है।

उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड का यह अभियान भी इसी सोच से प्रेरित है और राज्य में हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *