देहरादून के आईआरडीटी सभागार में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत गठित विभिन्न आयोगों, परिषदों, बोर्डों एवं समितियों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और अधिकारियों के साथ राज्य स्तरीय सामूहिक जागरूकता एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, समाज कल्याण मंत्री खजान दास और कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी बाधा और समय पर पहुंचना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य के तहत यह सम्मेलन आयोजित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार का मूल मंत्र “सरलीकरण, समाधान और निस्तारण” है, और इस प्रकार के मंथन कार्यक्रमों से योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
वहीं समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि विभाग से जुड़े सभी आयोगों, परिषदों और बोर्डों के पदाधिकारियों को एक मंच पर लाकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि सरकार द्वारा वन क्लिक प्रणाली के माध्यम से 9 लाख 74 हजार पेंशनधारकों के खातों में पेंशन राशि का सफलतापूर्वक हस्तांतरण किया गया है।
मंत्री ने सभी अधिकारियों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि समाज कल्याण योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
