बार एसोसिएशन ने कुमाऊँ आयुक्त के सामने रखीं न्यायालय और ट्रैफिक से जुड़ी समस्याएं

नैनीताल: जिला बार एसोसिएशन नैनीताल के प्रतिनिधिमंडल ने शहर की प्रमुख समस्याओं को लेकर कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्य सचिव दीपक रावत से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बार अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट ने किया, जिसमें कई वरिष्ठ अधिवक्ता भी शामिल रहे।

बैठक के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि नैनीताल में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक जाम की वजह से न्यायालय पहुंचने वाले अधिवक्ताओं और वादकारियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। समय पर अदालत न पहुंच पाने से न्यायिक प्रक्रिया भी प्रभावित होती है।

प्रतिनिधिमंडल ने न्यायालय परिसर से संबंधित कई प्रशासनिक समस्याओं को भी आयुक्त के समक्ष रखा और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की। साथ ही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यावहारिक सुझाव भी दिए।

कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि अधिवक्ताओं और आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में कमल सुयाल, नीरज गोस्वामी, राकेश सुयाल, दयाकिशन पोखरिया, शिवांशु जोशी, नवीन भट्ट, मुकेश कुमार, सरिता बिष्ट और जया आर्या सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *