गौकशी के मामले में बढ़ा आक्रोश, हिन्दू जागरण मंच ने पुलिस से की त्वरित कार्रवाई की मांग

रुड़की: मंगलौर में कथित गौकशी के मामले को लेकर हिन्दू जागरण मंच ने पुलिस प्रशासन के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंगलौर चौकी पहुंचे और चौकी प्रभारी से मुलाकात कर फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

बताया जा रहा है कि पुलिस को देर रात क्षेत्र में गौकशी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर छापेमारी की, जहां से करीब दो कुंतल संदिग्ध गोमांस बरामद किया गया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे।

हिन्दू जागरण मंच का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध रूप से मांस कटान और उसकी बिक्री का नेटवर्क सक्रिय है। संगठन का कहना है कि अधिकृत व्यवस्था को दरकिनार कर कुछ लोग अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से मांग की कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाए और पूरे नेटवर्क की जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

इस पर चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *