रुड़की के आदर्श नगर में आयोजित उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की बैठक में पार्टी नेताओं ने संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की। बैठक में बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिससे उक्रांद का कुनबा और मजबूत होता नजर आया।
बैठक में केंद्रीय सचिव एडवोकेट महक सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में राजनीतिक बदलाव की जरूरत है और उत्तराखंड क्रांति दल जनता के बीच तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान ने संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की बात कही। इसी क्रम में उमेश प्रधान को नगर उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी जमीनी स्तर पर लगातार मजबूत हो रही है और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को नई दिशा मिलेगी।
नवनियुक्त नगर उपाध्यक्ष उमेश प्रधान ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और रुड़की में मजबूत संगठन खड़ा करने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।
बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने पर भी चर्चा की।
