उत्तराखंड में पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का कैंडल मार्च, जितेंद्र पंवार ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

रुड़की: उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों और भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रुड़की के लंढौरा में कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च मंगलौर अड्डे से शुरू होकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कैंडल मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार हो रही परीक्षा अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

इस मौके पर कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने प्रदेश के युवाओं का विश्वास तोड़ा है। उनका आरोप था कि पेपर लीक से जुड़े लोगों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।

जितेंद्र पंवार ने कहा कि मेहनत से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लाखों युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उनका कहना था कि बार-बार पेपर लीक होने से योग्य अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकार में जा रहा है और युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मामलों पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *