रौब झाड़ने वालों पर नैनीताल पुलिस का शिकंजा, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दिए सख्त निर्देश

सरोवर नगरी नैनीताल समेत पूरे जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने साफ शब्दों में कहा है कि पुलिस पर बेवजह रौब झाड़ने वालों और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुबह से ही प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर तैनात दिखाई दिया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन तथा एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में नैनीताल, कैंची धाम, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर, मुखानी और कालाढूंगी क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिस, सीपीयू और थाना पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और यातायात के संवेदनशील प्वाइंटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीम यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी नजर बनाए हुए है।

विशेष रूप से वाहनों में काली फिल्म, अवैध या भ्रामक नंबर प्लेट और नियमों के विरुद्ध मॉडिफिकेशन कर रौब झाड़ने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत तीन वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई।

इन वाहनों पर हुई कार्रवाई

  • 24BH4047A कार — काली फिल्म पाए जाने पर ₹1000 का चालान
  • UP14GQ9191 कार — काली फिल्म पाए जाने पर ₹1000 का चालान
  • UP14GV0008 कार — काली फिल्म पाए जाने पर ₹1000 का चालान

एसएसपी ने दोहराया कि जनपद में कानून व्यवस्था और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उन्होंने पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियम तोड़ने या पुलिस पर रौब झाड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी दबाव के कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *