रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की के पनियाला चंदापुर गांव में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। विवाद उस समय शुरू हुआ जब विभाग ने बकाया बिजली बिल का हवाला देते हुए एक उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन काट दिया। घटना के बाद ग्रामीण गंग नहर कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गांव में स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक उपभोक्ता के घर पर स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया गया। विभाग का दावा है कि संबंधित उपभोक्ता पर करीब 11 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया था, जिसके चलते नियमानुसार उसका कनेक्शन काटा गया।
घर में मौजूद युवती ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान विभागीय कर्मचारियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। युवती की सूचना पर उसके परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
वहीं, बिजली विभाग का कहना है कि विरोध के दौरान विभागीय टीम के साथ अभद्रता की गई और कर्मचारियों पर डंडों से हमला करने की कोशिश की गई। हालांकि, गांव के अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर विवाद को बढ़ने से रोक दिया।
एसडीओ पंकज गौतम ने पुलिस को तहरीर देकर विभागीय टीम के साथ मारपीट के प्रयास का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, युवती ने भी विभागीय अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
