समाधान दिवस में डीएम का सख्त संदेश, ठगी और जनहित के मामलों में नहीं होगी कोई ढिलाई

देहरादून: देहरादून में आयोजित समाधान दिवस के दौरान जिला प्रशासन ने एक बार फिर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 171 फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

बैठक में सबसे अधिक चर्चा विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से हुई धोखाधड़ी की रही। शिकायत के अनुसार लगभग 15 युवाओं से लाखों रुपये की ठगी की गई। जिलाधिकारी ने इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से तत्काल बातचीत कर आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा एक अहम मामला भी सामने आया, जहां एक परिवार चार वर्षों से दिव्यांग पेंशन का लाभ नहीं मिलने से परेशान था। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तत्काल मेडिकल परीक्षण कराकर सात दिनों के भीतर पेंशन स्वीकृत करने का आदेश दिया।

भूमि विवाद, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, बैंक ऋण, मुआवजा और आपदा से संबंधित शिकायतों पर भी अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाने और बिजली लाइनों से जुड़े जोखिमों को दूर करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनहित के मामलों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *