20 हजार रुपये की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार, विजिलेंस की कार्रवाई से मचा हड़कंप

जसपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड विकास कार्यालय में तैनात संविदाकर्मी कनिष्ठ अभियंता (जेई) विवेक कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं, मामले में नामजद ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, खंड विकास कार्यालय के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में वाटर कूलर लगाने का कार्य कराया गया था। कार्य पूरा होने के बाद ठेकेदार सरफराज अहमद ने भुगतान की प्रक्रिया शुरू कराई। आरोप है कि भुगतान जारी करने के लिए जेई विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी, जबकि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने 12 हजार रुपये अतिरिक्त देने का दबाव बनाया।

रिश्वत की मांग से परेशान ठेकेदार ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी से संपर्क कर पूरी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद सेक्टर निदेशक डॉ. बी. मुरुगेशन के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई। पूरी योजना के तहत विजिलेंस टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान विवेक कुमार को कुंडा, काशीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। विजिलेंस अधिकारियों ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सके।

वहीं, फरार चल रहे ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *