रामनगर में एक महिला की दर्दभरी कहानी ने हर किसी को भावुक कर दिया। महिला ने आरोप लगाया है कि उसका पति उसे हरिद्वार गंगा स्नान कराने ले गया और वहीं अकेला छोड़कर फरार हो गया। कई दिनों तक भटकने के बाद वह पुलिस की मदद से रामनगर पहुंची, जहां स्थानीय लोगों ने उसकी सहायता की।
महिला ने बताया कि वह अल्मोड़ा जिले की रहने वाली है और अपने पति के साथ धार्मिक यात्रा पर गई थी। गंगा स्नान के दौरान उसका पति अचानक लापता हो गया। काफी देर तक खोजबीन करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला, जिससे वह पूरी तरह असहाय हो गई।
हरिद्वार में कई दिनों तक भटकने के बाद पुलिस ने उसकी मदद की और सुरक्षित रामनगर भेज दिया। बस स्टेशन पर उसकी हालत देखकर भाजपा नेता इकबाल हुसैन ने तुरंत पूर्व नगर अध्यक्ष भावना भट्ट को सूचना दी। इसके बाद महिला को पुलिस के संरक्षण में लिया गया।
भावना भट्ट ने कहा कि महिला को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और जब तक उसके परिवार का पता नहीं चलता, तब तक उसकी हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने आरोपी पति के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की भी मांग की।
रामनगर पुलिस महिला के परिजनों से संपर्क करने और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
