स्कूटी की टक्कर के बाद युवक से मारपीट, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; कई गंभीर आरोपों की पुष्टि नहीं

देहरादून: पटेलनगर थाना क्षेत्र में स्कूटी की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अंकुर वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं जांच के दौरान सोशल मीडिया और शिकायत में लगाए गए कुछ गंभीर आरोपों की पुष्टि नहीं होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, जाखन कैनाल रोड निवासी आजाद रावत ने शिकायत दर्ज कराई कि 3 जुलाई की रात लालपुल के पास स्कूटी चालक अंकुर वाल्मीकि ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के दौरान आरोपी का मोबाइल फोन भी सड़क पर गिरकर टूट गया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुलाया और मोबाइल की भरपाई कराने के बहाने आजाद रावत को मंडी क्षेत्र ले गया। वहां कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज, गवाहों और डॉक्टरों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 109 बीएनएस भी जोड़ दी। इसके बाद मुख्य आरोपी अंकुर वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

हालांकि विवेचना के दौरान बिजली का करंट लगाने, गर्म लोहे की रॉड से दागने और पेचकश से हमला करने जैसे आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस के मुताबिक उपलब्ध मेडिकल साक्ष्य और डॉक्टरों की राय इन दावों का समर्थन नहीं करती। मामले की जांच अभी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *