कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी ने उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपनी सोच साझा की। उन्होंने कहा कि राज्य का विकास तभी संभव है जब युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर मिलें।
विश्वविद्यालय ने उन्हें शिक्षा, जनसेवा, सुशासन और उत्तराखंड के समग्र विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
समारोह में पद्मश्री अनूप शाह, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण भी किया गया।
कोश्यारी ने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से देश का महत्वपूर्ण राज्य है। यदि यहां आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाए तो रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए युवाओं से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। समारोह में विभिन्न संस्थाओं ने भी उनका अभिनंदन किया।
