नैनीताल जिले के ओखलकांडा वन रेंज मुख्यालय खनस्यू में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण और जंगलों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
वन क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि जंगल हमारी अमूल्य धरोहर हैं और उनकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे वन विभाग का सहयोग करें और किसी भी आपात स्थिति, विशेषकर जंगल में आग लगने पर तुरंत सूचना दें और आग बुझाने में सहयोग करें।
उन्होंने यह भी कहा कि वन विभाग के कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाना चाहिए, क्योंकि यह कार्य सीधे तौर पर पर्यावरण और समाज के हित से जुड़ा है।
गोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और प्रकृति के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। “हमारे भविष्य के लिए प्रकृति का संरक्षण” विषय पर सभी प्रतिभागियों ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वन विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में सभी ने पर्यावरण को बचाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कई गणमान्य लोग और वन कर्मी मौजूद रहे।
