मसूरी के ऐतिहासिक लंढोर बाजार में चल रहे भू धंसाव ट्रीटमेंट कार्य की धीमी रफ्तार को लेकर स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से कार्य में तेजी लाने की मांग की है ताकि बरसात शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे किए जा सकें।
गौरतलब है कि लंढोर बाजार में भू धंसाव की समस्या को लेकर लगातार खबरें सामने आने के बाद नगर पालिका परिषद मसूरी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संबंधित विभागों ने मामले का संज्ञान लिया था। इसके बाद संयुक्त सर्वेक्षण कर क्षेत्र में ट्रीटमेंट कार्य शुरू कराया गया।
स्थानीय व्यापारी आनंद रस्तोगी ने बताया कि शुरुआत में क्षेत्र में जोशीमठ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन सर्वेक्षण के बाद स्थिति नियंत्रण में पाई गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रेशर इंजेक्शन, आरसीसी वॉल, चैंबर और नाली निर्माण का कार्य किया जा रहा है। हालांकि इस दौरान बाजार के व्यापार पर असर पड़ा है, लेकिन दीर्घकाल में यह कार्य क्षेत्र के लिए लाभकारी साबित होगा।
उन्होंने कहा कि यदि ट्रीटमेंट कार्य सही तरीके से पूरा हो जाता है तो आने वाले कई वर्षों तक इस प्रकार की समस्या से राहत मिल सकती है।
वहीं व्यापारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि काम की गति बेहद धीमी है और इसे तेज करने के लिए मजदूरों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि दो शिफ्ट में कार्य कराया जाए ताकि समय रहते परियोजना पूरी हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जल संस्थान की पाइपलाइन और सीवर लाइन को दुरुस्त करने का काम भी बाकी है। ऐसे में मानसून आने से पहले सभी विभागों को समन्वय बनाकर तेजी से कार्य करना चाहिए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्य पूरा नहीं हुआ तो बरसात के दौरान स्थिति गंभीर हो सकती है।
