मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा के तहत नैनीताल में आयोजित जनसमस्या समाधान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान कर लोगों को राहत प्रदान की।
शिविर का उद्घाटन विधायक दीवान सिंह बिष्ट और ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी ने किया। इस दौरान स्वास्थ्य, राजस्व, कृषि, पेयजल, समाज कल्याण और महिला एवं बाल विकास सहित 27 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को लाभ भी प्रदान किया गया।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि एडीएम विवेक राय ने वर्ष 2016 और 2018 से लंबित तीन न्यायालयीन मामलों की सुनवाई शिविर स्थल पर ही कर उनका निस्तारण कर दिया। वहीं कुल 53 शिकायतों में से 32 का मौके पर समाधान किया गया तथा शेष मामलों पर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग ने 15 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
