मसूरी में दिखे महेंद्र सिंह धोनी, बेटी जीवा के एडमिशन को लेकर वुडस्टॉक स्कूल पहुंचे पूर्व कप्तान

मसूरी: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर उत्तराखंड की वादियों में नजर आए। रविवार को धोनी अपनी पत्नी साक्षी धोनी और बेटी जीवा के साथ मसूरी पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध वुडस्टॉक स्कूल का दौरा किया। बताया जा रहा है कि वह बेटी जीवा के एडमिशन से जुड़ी संभावनाओं को लेकर स्कूल की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक वातावरण का जायजा लेने पहुंचे थे।

धोनी के स्कूल पहुंचने पर वुडस्टॉक स्कूल प्रबंधन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया। स्कूल परिसर में मौजूद लोगों ने पूर्व कप्तान के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनसे मुलाकात की।

महेंद्र सिंह धोनी का यह दौरा पूरी तरह निजी रखा गया था। उनके मसूरी पहुंचने की जानकारी पहले से सार्वजनिक नहीं की गई थी। हालांकि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद उनके शहर में होने की खबर तेजी से फैल गई। इसके बाद उनके प्रशंसकों का उत्साह देखने लायक था।

सूत्रों के अनुसार धोनी लाल टिब्बा क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरे हुए हैं। जैसे ही यह सूचना लोगों तक पहुंची, होटल के बाहर स्थानीय निवासियों और पर्यटकों की भीड़ जमा हो गई। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने पसंदीदा क्रिकेट स्टार के साथ तस्वीरें लेने की कोशिश की। धोनी ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और कई लोगों के साथ फोटो खिंचवाई।

महेंद्र सिंह धोनी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। उनकी पत्नी साक्षी धोनी का परिवार उत्तराखंड से जुड़ा हुआ है और दोनों का विवाह भी देहरादून में संपन्न हुआ था। यही वजह है कि धोनी अक्सर अपने परिवार के साथ उत्तराखंड की शांत वादियों में समय बिताने पहुंचते हैं।

क्रिकेट के मैदान से दूर रहने के बावजूद महेंद्र सिंह धोनी की लोकप्रियता आज भी बरकरार है। मसूरी में उनके आगमन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि देशभर में उनके प्रशंसकों की संख्या और दीवानगी में कोई कमी नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *