वेतन को लेकर सड़क पर उतरे रोडवेज कर्मचारी, बोले- परिवार चलाना हुआ मुश्किल

उत्तराखंड के नैनीताल में रोडवेज कर्मचारियों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर दिखाई दिया। फरसोली रोडवेज कार्यशाला में कर्मचारियों ने तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में धरना प्रदर्शन कर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कर्मचारियों ने बताया कि फरवरी माह से वेतन लंबित है और मई का पहला सप्ताह समाप्त होने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि बिना वेतन के काम करना मजबूरी बन गया है।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के अनुसार घर चलाना मुश्किल हो चुका है। बच्चों की पढ़ाई, मकान किराया, बिजली बिल और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों ने कहा कि इस समय पर्यटन सीजन होने के कारण रोडवेज बसें पूरी क्षमता के साथ चल रही हैं और निगम को अच्छा राजस्व मिल रहा है। इसके बावजूद कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

रोडवेज कर्मचारियों ने शासन से जल्द लंबित वेतन और महंगाई भत्ते के भुगतान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *