उत्तरकाशी में सावन की आस्था और बारिश की चुनौती, काशी विश्वनाथ मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

सावन के पहले सोमवार पर उत्तरकाशी का प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर शिवभक्तों की आस्था का केंद्र बना रहा। तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालु मां गंगा का पवित्र जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना की। मंदिर प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए।

दूसरी ओर, लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।

बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी सहित पांच स्थानों पर भूस्खलन होने से यातायात प्रभावित हुआ है। सड़क खोलने के लिए एनएच विभाग और संबंधित एजेंसियां लगातार मलबा हटाने में जुटी हैं।

प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। खराब मौसम के बीच सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *