ऑपरेशन प्रहार के तहत मंगलौर पुलिस की बड़ी सफलता, दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

हरिद्वार पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मंगलौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गैंगस्टर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से गोकशी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे हैं।

मंगलौर क्षेत्राधिकारी अभिनय ने जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलौर पुलिस ने ग्राम कुमराड़ी निवासी सोनू उर्फ रहमान और अनीस को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और वे संगठित गिरोह बनाकर अपराध को अंजाम दे रहे थे। आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

कोतवाली प्रभारी भगवान महर के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *