गैस सिलेंडर लीकेज से लगी आग, महिला समेत चार लोग झुलसे

ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में गैस सिलेंडर लीकेज के कारण लगी आग में एक महिला समेत चार लोग झुलस गए। हादसा वार्ड नंबर-1 स्थित शिव भारत कॉमर्शियल गैस सर्विस के गोदाम परिसर में बने कमरे में हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, गोदाम परिसर में रहने वाले मजदूर मुनीश की पत्नी अन्नू कमरे में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर में लीकेज होने से अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में मुनीश, अन्नू, प्रिंस और संजीव कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) किच्छा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

गनीमत रही कि आग गोदाम में रखे अन्य गैस सिलेंडरों तक नहीं पहुंची। यदि आग सिलेंडरों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *