ईद-उल-अज़हा पर शांति और भाईचारे का संदेश, मुफ़्ती शमून क़ासमी ने लोगों से की सहयोग की अपील

ईद-उल-अज़हा को लेकर उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ़्ती शमून क़ासमी ने प्रदेशवासियों से शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। खटीमा से जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि त्योहारों का उद्देश्य समाज में भाईचारा और एकता को मजबूत करना होता है, इसलिए सभी लोगों को आपसी सद्भाव बनाए रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इससे न केवल व्यवस्थाएं सुचारु रहेंगी, बल्कि आम लोगों को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

मुफ़्ती शमून क़ासमी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सड़क पर नमाज़ न पढ़ने संबंधी बयान का समर्थन करते हुए कहा कि सभी धार्मिक गतिविधियां निर्धारित स्थानों पर ही आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक व्यवस्था और आपसी सम्मान की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान सामाजिक समरसता और गंगा-जमुनी संस्कृति से है, जिसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *