बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच अब विरोध तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में भैरव सेना ने देहरादून में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भैरव सेना के कार्यकर्ताओं ने बीकेटीसी के खिलाफ नारेबाजी की और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया।
भैरव सेना के केंद्रीय अध्यक्ष संदीप खत्री ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के चारधाम सनातन धर्म की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु अपनी मेहनत की कमाई खर्च कर भगवान के दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि बीकेटीसी द्वारा VIP दर्शन के नाम पर 1100 रुपये तक शुल्क लिया जा रहा है, जो आस्था का व्यावसायीकरण है और इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं।
संदीप खत्री ने मांग की कि इस व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बंद किया जाए। भैरव सेना ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
