प्रधानमंत्री Narendra Modi की ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील से प्रेरित होकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने एक अनूठी पहल शुरू की है। नवीन ठाकुर पिछले 19 दिनों से कार की बजाय साइकिल से आवागमन कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस पहल से अब तक करीब साढ़े नौ हजार रुपये की बचत हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि पहले प्रतिदिन लगभग 500 रुपये का पेट्रोल खर्च होता था, लेकिन अब साइकिल के उपयोग से न केवल ईंधन की बचत हो रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिल रहा है। नवीन ठाकुर ने कहा कि बचाई गई राशि को समाजसेवा के कार्यों में लगाया जाएगा। सबसे पहले आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक पत्रकार साथी की मदद की जाएगी। इसके अलावा जरूरतमंद बेटियों, गरीब बच्चों और अन्य जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी इस राशि का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटे-छोटे प्रयास करें, जिससे समाज और प्रकृति दोनों को लाभ मिल सके।
