हरिद्वार में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आज सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और धरना देकर अपनी नाराजगी जताई। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हरिद्वार जनपद में क्रॉस एफआईआर दर्ज करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे निर्दोष लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में दलालों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है, जो पुलिस से सांठगांठ कर कानून व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। संगठन की ओर से लगातार इन मुद्दों को उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
रमेश जोशी ने कहा कि उनकी आवाज पुलिस प्रशासन तक नहीं पहुंच रही थी, इसलिए मजबूर होकर उन्हें एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना देना पड़ा। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जाए और दलालों की भूमिका की जांच हो वहीं, इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी देहात शेखर सुयाल ने कहा कि यह मामला दो दिन पहले दर्ज एक क्रॉस एफआईआर से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच के दौरान जो भी व्यक्ति निर्दोष पाया जाएगा, उसका नाम मुकदमे से हटा दिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल, इस प्रदर्शन के बाद अब देखना होगा कि प्रशासन इन मांगों पर क्या कार्रवाई करता है और क्या सुराज सेवा दल की चिंताओं का समाधान निकल पाता है या नहीं।
