प्राथमिक शिक्षक भर्ती में देरी से बढ़ा असंतोष, डीएलएड अभ्यर्थियों ने सरकार से जल्द विज्ञापन जारी करने की मांग

देहरादून: उत्तराखंड में प्राथमिक शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं होने से डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं ने सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है।

डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन का कहना है कि प्राथमिक शिक्षक भर्ती शुरू कराने के लिए उन्होंने कई बार शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर अपनी मांग रखी। संगठन के अनुसार मंत्री ने हर बार भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया, लेकिन विभागीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी।

संगठन का आरोप है कि शिक्षा निदेशालय की ओर से रिक्त पदों का पूरा विवरण समय पर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इसी वजह से भर्ती का विज्ञापन जारी होने में लगातार देरी हो रही है, जिससे हजारों प्रशिक्षित अभ्यर्थियों में निराशा बढ़ रही है।

इसी मुद्दे को लेकर डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन ने 12 जुलाई (रविवार) को विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। रैली सुबह 8 बजे गांधी पार्क से शुरू होकर घंटाघर, बिंदाल पुल होते हुए शिक्षा मंत्री के आवास तक जाएगी। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *