नैनीताल जिले के भीमताल ब्लॉक सभागार में आयोजित ‘जनसंवाद दिवस’ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने जमरानी बांध परियोजना के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने की।
बैठक के दौरान डॉ. बिष्ट ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास कार्य जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर किए जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ सही तरीके से जनता तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से सोलर लाइट वितरण में जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठा। जनप्रतिनिधियों का आरोप था कि बिना उनकी जानकारी के योजनाएं धरातल पर लागू की जा रही हैं।
इस पर ब्लॉक प्रमुख ने निर्देश दिए कि सोलर लाइटें प्राथमिकता के आधार पर जंगल किनारे बसे और जरूरतमंद क्षेत्रों में लगाई जाएं। साथ ही, जमरानी बांध परियोजना से प्रभावित होने वाली उन ग्राम पंचायतों को भी योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए, जिन्हें अब तक बाहर रखा गया है।
डॉ. बिष्ट ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी कार्य आपसी सहयोग से किए जाएं, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बढ़ते पेयजल संकट पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ब्लॉक प्रमुख ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि खराब पड़े पानी के पंपों को तत्काल ठीक कराया जाए और जल आपूर्ति सुचारू की जाए। विभाग ने आश्वासन दिया कि समस्या का समाधान युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर से लेकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में लोगों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े।
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया, ग्राम प्रधान जया बोहरा, लक्ष्मण गंगोला, नंदन सिंह, प्रेमा शर्मा, राधा कुल्याल, प्रदीप कुमार, मुकेश पलड़िया, शेखर भट्ट, कमल कुलियाल, धर्मेंद्र रावत, बीडीसी उमा देवी, अंजू पांडे, मुकेश मेहरा, धर्मेंद्र शर्मा, गोविंद राणा, श्याम मेहरा, लक्ष्मी दत्त, कुंदन जीना, नवीन क्वीरा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
