नैनीताल: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नैनीताल के लोकभवन में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उन्हें संरक्षित करने की अपील की।
प्रथम महिला गुरमीत कौर ने भी इस अभियान में हिस्सा लेते हुए चंदन का पौधा रोपा और पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि यदि हम आज पर्यावरण के प्रति जागरूक नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इसलिए हमें अभी से ठोस कदम उठाने होंगे।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर इस अभियान को मजबूती प्रदान की।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बना।
