सितारगंज के नए गांव में दूषित पानी से फैली बीमारी, पीलिया के बढ़ते मामलों से हड़कंप

उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र के नए गांव में पीलिया के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दूषित पानी को इस बीमारी का मुख्य कारण माना जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।

ग्रामीणों की शिकायतों और पूर्व विधायक नारायण पाल की चेतावनी के बाद स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेडिकल टीम को मौके पर भेजा। टीम ने गांव में पहुंचकर बीमार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू कर दिया है।

चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि पानी के सैंपल की जांच में कॉलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया है। यह बैक्टीरिया आमतौर पर गंदगी और मल-मूत्र से फैलता है और दूषित पानी के माध्यम से शरीर में पहुंचकर गंभीर बीमारियों को जन्म देता है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को साफ पानी पीने, पानी को उबालकर इस्तेमाल करने और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी है। साथ ही, किसी भी प्रकार की तबीयत खराब होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने को कहा गया है।

प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए निगरानी तेज कर दी है और गांव में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *