रामनगर में पर्यटन सीजन के चरम पर राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर चल रहे निर्माण कार्य ने शहरवासियों और पर्यटकों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है। भरतपुरी स्थित लोक निर्माण विभाग कार्यालय के पास एनएच विभाग द्वारा पुलिया निर्माण और खुदाई शुरू किए जाने के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
नैनीताल, भवाली, रानीखेत और अल्मोड़ा की ओर जाने वाले हजारों वाहन रोजाना रामनगर से गुजर रहे हैं। ऐसे में निर्माण कार्य शुरू होने से रानीखेत रोड, आमडंडा, भवानीगंज, कोसी बैराज सहित कई इलाकों में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
लोग घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एनएच विभाग को दिन के समय काम रोकने और रात में निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं।
