देहरादून: उत्तराखंड में वक्फ संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की दिशा में कार्रवाई तेज हो गई है। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने बताया कि नए वक्फ संशोधन अधिनियम के तहत प्रदेशभर में ऐसी संपत्तियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है, जहां अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आई हैं।
उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जा रहा है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
शम्स के अनुसार, वक्फ बोर्ड का उद्देश्य किसी के साथ अन्याय करना नहीं, बल्कि वक्फ की संपत्तियों का संरक्षण और उनका वैधानिक उपयोग सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द इस मुद्दे पर समीक्षा बैठक कर सकते हैं। बैठक के बाद जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
वक्फ बोर्ड का कहना है कि जिला प्रशासन के सहयोग से पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड को उम्मीद है कि इस अभियान से वक्फ संपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित होगा और भविष्य में अवैध कब्जों पर प्रभावी रोक लग सकेगी।
