ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र स्थित बरी अंजनिया गांव में मंगलवार सुबह एक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते घर और गौशाला को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि गौशाला में बंधी भैंस भी बुरी तरह घायल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी अशोक के घर में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गौशाला तक पहुंच गई। आग की वजह से गौशाला में रखा भूसा, 20 बोरी गेहूं और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। परिवार और ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। हेड कांस्टेबल जगदीश नगर कोठी, मनोज देवलाल और ग्राम प्रधान प्रेम प्रकाश पासी ने राहत कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
इस घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है ताकि उन्हें राहत मिल सके।
