सुराज सेवा दल की हुंकार: गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने और नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

पिरान कलियर के बेडपुर चौक स्थित सुराज सेवा दल कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन पदाधिकारियों ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने और क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदेश सचिव इंतजार प्रधान पीरपुरा ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं गोमाता से जुड़ी हुई हैं, इसलिए केंद्र सरकार को जल्द से जल्द गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुराज सेवा दल देशभर में चल रही इस मुहिम का समर्थन करता है और गोवंश की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति गोवंश के साथ क्रूरता करता है या गोवध में शामिल पाया जाता है, तो संगठन उसके खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा।

प्रेस वार्ता में संगठन पदाधिकारियों ने युवाओं में बढ़ती नशे की लत को गंभीर सामाजिक समस्या बताया। उन्होंने कहा कि स्मैक, चरस और अन्य नशीले पदार्थ युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रहे हैं। प्रशासन को नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।

कलियर विधानसभा अध्यक्ष रईस अहमद ने कहा कि पिरान कलियर और आसपास के इलाकों में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि नशा माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए और युवाओं को इस खतरे से बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

संगठन ने साफ कहा कि समाजहित, गो-रक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सुराज सेवा दल लगातार आवाज उठाता रहेगा। इस दौरान संगठन के कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *