नए राशन कार्ड बनवाने के नियमों में हुए बदलाव के बाद आम लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। सरकार द्वारा लागू की गई नई प्रक्रिया के चलते अब राशन कार्ड आवेदन पहले की तुलना में अधिक जटिल हो गया है, जिसके कारण खाद्य आपूर्ति विभाग कार्यालय में लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब राशन कार्ड में शामिल प्रत्येक सदस्य की अलग-अलग फोटो जमा करना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा हर यूनिट के सत्यापन के लिए अलग-अलग ओटीपी प्रक्रिया भी लागू की गई है। बिना ओटीपी वेरिफिकेशन के आवेदन स्वीकार नहीं किया जा रहा।
नए नियमों की वजह से खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों और बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग तकनीकी प्रक्रिया को समझ नहीं पा रहे हैं, जबकि कुछ लोगों के पास मोबाइल नंबर और डिजिटल सुविधा उपलब्ध नहीं है।
जनता की परेशानी को देखते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग ने कार्यालय परिसर के बाहर टैंट लगवाए हैं ताकि धूप में आने वाले लोगों को राहत मिल सके। विभागीय कर्मचारी भी लोगों को आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी देने में जुटे हुए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि सरकार राशन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने और फर्जी राशन कार्डों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था लागू कर रही है। हालांकि आम जनता को उम्मीद है कि प्रक्रिया को और सरल बनाया जाएगा ताकि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।
