नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। देर रात तल्लीताल थाना क्षेत्र के कृष्णापुर इलाके के जंगल में अचानक भीषण आग भड़क उठी। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती हुई आबादी वाले क्षेत्र तक पहुंच गई, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें घरों के बेहद करीब पहुंच गई थीं। स्थिति गंभीर होते देख स्थानीय निवासी तुरंत आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर और पेड़ों की टहनियों की मदद से आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों और राहत टीमों के संयुक्त प्रयासों से करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया।
हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग ने क्षेत्र में भय का माहौल जरूर पैदा कर दिया। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गर्मियों में जंगलों में आग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, ऐसे में प्रशासन को निगरानी और सुरक्षा इंतजाम और मजबूत करने की जरूरत है ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
