नारायणबगड़ में जनता की समस्याएं सुनने पहुंचा प्रशासन, बहुउद्देश्यीय शिविर में 127 शिकायतें दर्ज

चमोली: नारायणबगड़ विकासखंड सभागार में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत बहुउद्देश्यीय शिविर एवं तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आम जनता की समस्याएं सुनीं और समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, नगरपालिका अध्यक्ष कर्णप्रयाग गणेश शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। क्षेत्र के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

शिविर के दौरान कुल 127 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं सबसे अधिक रहीं। प्रशासन ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कर लोगों को राहत प्रदान की।

जिन शिकायतों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उनके लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को लंबित मामलों पर प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए।

शिविर में विशेष रूप से पीएमजीएसवाई, एनपीसीसी और लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आने वाली जर्जर सड़कों को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और ऐसे शिविर भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *