मूसलाधार बारिश से नैनीताल में बिगड़े हालात, सड़कें बाधित, पर्यटक और स्थानीय लोग प्रभावित

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी है। लगातार हो रही वर्षा के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली कई सड़कें बंद हो गई हैं। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

भारी बारिश के चलते अलचोना, मोरनोला-भण्डारपानी, पदमपुर-हैड़ाखान और हरिश्ताल मोटर मार्ग सहित भुजान-बेतालघाट प्रमुख जिला मार्ग मलबा आने से बाधित हो गया है। सड़कें बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। संबंधित विभाग मार्गों को खोलने के लिए लगातार राहत कार्य में जुटा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, जिले में सबसे अधिक 43 मिमी बारिश नैनीताल क्षेत्र में दर्ज की गई, जबकि बेतालघाट में लगभग 12 मिमी वर्षा हुई। लगातार बारिश से नाले और गधेरे उफान पर बह रहे हैं, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

घने कोहरे और खराब मौसम के कारण नैनीताल की खूबसूरत वादियां धुंध की चादर में ढकी रहीं। पर्यटन गतिविधियां प्रभावित हुईं और अधिकांश पर्यटक होटल से बाहर नहीं निकल सके। वहीं बारिश के चलते स्कूलों में भी विद्यार्थियों की संख्या कम रही।

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *