ऐरठा गांव का संपर्क टूटा, ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी

देवाल (चमोली): लगातार बारिश के बीच चमोली जिले के ऐरठा गांव का मुख्य पैदल मार्ग बंद होने से ग्रामीणों का विकासखंड मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है। कनबनी तोक में पहाड़ी से लगातार मलबा और बोल्डर गिरने के कारण रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।

रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को देवसारी गांव के रास्ते करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। गांव के लोगों का कहना है कि इस स्थिति ने रोजमर्रा की जिंदगी को बेहद कठिन बना दिया है। बच्चों की पढ़ाई और मरीजों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।

सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र कुमार टम्टा के अनुसार, ऐरठा-ऑर्डर-लिंगड़ी-कफलखेत मोटरमार्ग का सर्वे काफी पहले पूरा हो चुका है। बावजूद इसके सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया, जिससे ग्रामीण आज भी पैदल चलने को मजबूर हैं।

मलबा गिरने के दौरान ओम राम टम्टा घायल हो गए। गांव में रहने वाले लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो बरसात के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं।

ग्राम प्रधान प्रेमा देवी, खिमुली देवी, मदन राम और अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन और विधानसभा चुनाव बहिष्कार का निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *