रुड़की: लगातार हो रही भारी बारिश ने रुड़की में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है और लोगों को दैनिक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई कॉलोनियों में पानी घरों के भीतर तक पहुंच गया है।
बारिश से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने के लिए मेयर अनीता देवी अग्रवाल अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। रामपुर चुंगी क्षेत्र में सड़क पर पानी का स्तर अधिक होने के कारण उन्होंने ट्रैक्टर पर बैठकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और हालात का जायजा लिया।
मेयर ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल जल निकासी के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीमें लगातार राहत कार्यों में लगी हुई हैं और किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन नगर निगम पूरी क्षमता के साथ राहत और बचाव कार्यों को अंजाम दे रहा है। जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए मशीनों और कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती भी की गई है।
उधर मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।
