कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों के लिए बहुप्रतीक्षित लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा परियोजना पर लगी रोक हटने के बाद उत्तराखंड सरकार ने सड़क निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) को कार्यदायी संस्था नियुक्त कर दिया है। वन विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए हैं।
इस निर्णय के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। भाजपा नेता विपिन कैंथोला ने कार्यकर्ताओं के साथ मिठाई बांटकर इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क वर्षों से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग रही है और अब इसके निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो चुका है।
उन्होंने बताया कि सड़क बनने के बाद कोटद्वार का हरिद्वार और देहरादून से संपर्क पहले की तुलना में अधिक सुगम और तेज होगा। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही लोगों को सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।
विपिन कैंथोला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में इस परियोजना का मजबूती से पक्ष रखा, जिसके परिणामस्वरूप 12 फरवरी को सड़क निर्माण पर लगी रोक हटा दी गई।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी होंगी और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। सड़क बनने से पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
