देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर केंद्र सरकार से एक बार फिर मजबूत पैरवी की है। हाल ही में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य में नई रेल सेवाओं और बेहतर कनेक्टिविटी की आवश्यकता पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को पहले भी केंद्र सरकार से रेल क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस और देहरादून-टनकपुर रेल सेवा इसका उदाहरण हैं। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक क्षेत्रों को आधुनिक रेल सुविधाओं से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि मुंबई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रवासी उत्तराखंडियों ने उनसे मुलाकात कर राज्य के लिए नई रेल सेवाओं की मांग रखी। विशेष रूप से देहरादून और हरिद्वार के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
सीएम धामी ने कहा कि उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों की इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय रेल मंत्री के सामने रखा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में मजबूत रेल नेटवर्क न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि पर्यटन, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती देगा।
