रुड़की: स्मार्ट मीटर और बिजली व्यवस्था को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच कांग्रेस ने विद्युत विभाग के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर धरना दिया और शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती, ट्रिपिंग तथा लो वोल्टेज की समस्या पर नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। लोगों की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन समाधान की रफ्तार बेहद धीमी है।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसके चलते पुलिस को मौके पर तैनात रहना पड़ा। कई घंटे तक प्रदर्शन जारी रहने के बाद वार्ता का दौर शुरू हुआ।
अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर बिजली संबंधी प्रमुख समस्याओं के समाधान की दिशा में काम शुरू कर दिया जाएगा। उनके आश्वासन के बाद कांग्रेस ने धरना समाप्त कर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि विभाग अपने वादे पर खरा नहीं उतरा तो पार्टी फिर से सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
