देहरादून में आयुष विभाग की बड़ी समीक्षा, मदन कौशिक ने दिए सख्त निर्देश…

देहरादून | रिपोर्ट: सचिन कुमार

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयुष विभाग को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। आयुष मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक के दौरान हर्रावाला स्थित आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय से जुड़े पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन और उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों से कार्यों में तेजी लाने और लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के साथ प्रस्तावित आगामी बैठक को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की गई। विभागीय स्तर पर चल रही योजनाओं और रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए मंत्री ने बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।

मदन कौशिक ने ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज और गुरुकुल हरिद्वार में दवाइयों के वितरण को सुचारू बनाए रखने के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

मंत्री ने यह भी कहा कि आयुष विश्वविद्यालयों में किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को पारदर्शी और प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, विश्वविद्यालयों में टेक्नीशियन, लाइब्रेरियन और अन्य रिक्त पदों को जल्द भरने के लिए अधियाचन भेजने को कहा गया, ताकि शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *