मसूरी के सर्वे मैदान में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से तृतीय स्वर्गीय रामनाथ सिंह पवार स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तराखंड कांग्रेस पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली ने किया। प्रतियोगिता में 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के करीब 400 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
आयोजन में बालक और बालिका दोनों वर्गों की टीमों ने भाग लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन बेहतर खेल सुविधाओं का अभाव उनके विकास में बाधा बनता है। इसके बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
आयोजक प्रिंस पवार ने बताया कि उनकी फुटबॉल अकादमी में बड़ी संख्या में बच्चे नियमित प्रशिक्षण लेते हैं। उन्होंने कहा कि अकादमी से तैयार कई खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचे हैं, जिससे अन्य बच्चों का भी मनोबल बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि मसूरी में एक आधुनिक खेल मैदान की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। यदि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलें तो आने वाले वर्षों में यहां से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं।
मुख्य अतिथि उपेंद्र थापली ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि स्वस्थ समाज की नींव हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की अपील की।
